The Duniyadari.com : कोरबा। नगर विधायक एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन रविवार देर शाम संजय नगर वार्ड स्थित लक्ष्मण बन बस्ती पहुंचे और बाउंड्रीवॉल हादसे में मृत मासूम के परिजनों से मिलकर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

दो दिन पूर्व बस्ती में बाउंड्रीवॉल गिरने से धनेश कर्ष (4 वर्ष), पिता मुकेश कर्ष की दबने से दुखद मृत्यु हो गई थी। वहीं सोनू कर्ष (20 वर्ष) और विशाल यादव (18 वर्ष) इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
मंत्री देवांगन ने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद वे पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मंत्री ने प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर घटना की सूक्ष्म जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, श्री भोलू यादव, पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन, मंडल अध्यक्ष श्री योगेश मिश्रा एवं श्री राकेश नागरमल अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
































