The Duniyadari: रायपुर। राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद लक्ष्मी वर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से विधानसभा स्थित उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्यसभा जैसे महत्वपूर्ण मंच पर छत्तीसगढ़ से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की जिम्मेदारी अहम होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि लक्ष्मी वर्मा संसद के उच्च सदन में प्रदेश की जनभावनाओं, विकास संबंधी विषयों और आम नागरिकों की अपेक्षाओं को मजबूती से सामने रखेंगी।
इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव, विधायक अनुज शर्मा, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। बातचीत के दौरान प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी संक्षिप्त चर्चा की गई।
































