The Duniyadari: रायपुर- राजधानी में अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए तेलीबांधा पुलिस ने दो विदेशी युवतियों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवतियां बिना वैध वीजा के शहर में रह रही थीं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवतियों के नाम दिनोरा और सारा हैं, जो मूल रूप से रूस की रहने वाली बताई जा रही हैं।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि दोनों युवतियों के खिलाफ वर्ष 2026 में पहले भी मामला दर्ज किया जा चुका है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों युवतियां देह व्यापार से जुड़े एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकती हैं।
दरअसल, हाल ही में वीआईपी रोड पर हुए एक हादसे और हंगामे के बाद पुलिस ने एक रूसी युवती और भावेश आचार्य नामक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान युवती ने कई अहम जानकारियां दीं, जिसके आधार पर तेलीबांधा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की।
जांच में खुलासा हुआ कि तेलीबांधा और सरस्वती नगर क्षेत्र के कुछ होटलों में विदेशी और अन्य राज्यों से लाई गई युवतियों से देह व्यापार कराया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी तलाश जारी है। साथ ही संबंधित होटलों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
































