The Duniyadari: रायगढ़ में “ऑपरेशन तलाश” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने चोरी के एक चर्चित मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर अहम सफलता हासिल की है। आरोपी निलेश साहू ने अपनी लिव-इन पार्टनर और एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी थी।
मामले की शिकायत गुलमोहर कॉलोनी निवासी 58 वर्षीय प्रमिला शर्मा ने थाना चक्रधरनगर में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अनकूट पूजा के दौरान घर के गहने और नगदी आलमारी में रखे गए थे, लेकिन 2 नवंबर 2025 को जांच करने पर आलमारी से सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब मिले। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को घर में काम करने वाली महिला नेहा साहू पर संदेह हुआ। घटना के बाद उसका मोबाइल बंद मिला और वह फरार हो गई थी। पुलिस ने तलाश के बाद 18 जनवरी 2026 को दिनदयालपुरम स्थित एक किराए के मकान से उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में नेहा साहू ने बताया कि उसने प्रमिला शर्मा को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया और फिर आलमारी से गहने व नगदी निकालकर अपने साथी निलेश साहू को दे दिए।
इसके बाद चोरी का सामान आशीष महंत के साथ मिलकर ठिकाने लगाया गया और उससे मिली रकम से घरेलू सामान, आलमारी और एलईडी टीवी खरीदे गए। पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से यह सामान जब्त कर लिया था।
मुख्य आरोपी निलेश साहू वारदात के बाद से लगातार फरार था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी के कुछ जेवर बेच दिए गए थे, जबकि दो सोने के सिक्के उसने अपने घर में छिपाकर रखे थे।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने दो-दो 10 ग्राम के सोने के सिक्के बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 3.20 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी निलेश साहू (26), निवासी रेलवे बंगलापारा, थाना कोतवाली रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।













