The Duniyadari: सुकमा- नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जिले के पोलमपल्ली क्षेत्र में रविवार को हुई मुठभेड़ में 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली मूचाकी कैलाश को मार गिराया गया। यह कार्रवाई नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के लिए अहम मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) की टीम को इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद जवानों ने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान सुबह नक्सलियों से आमना-सामना हो गया और दोनों ओर से रुक-रुककर फायरिंग हुई। मुठभेड़ के बाद नक्सली मौके से भाग निकले, जबकि सर्चिंग के दौरान मूचाकी कैलाश का शव और हथियार बरामद किया गया।
मारा गया नक्सली मूचाकी कैलाश चिंतलनार थाना क्षेत्र के पूलनपाड़ गांव का निवासी था। वह नक्सली संगठन के प्लाटून नंबर 31 में सेक्शन कमांडर (PPCM) के रूप में सक्रिय था और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की हिट लिस्ट में शामिल था। उस पर ग्रामीणों की हत्या, सुरक्षाबलों पर हमले और आईईडी ब्लास्ट की साजिश जैसे कई गंभीर आरोप दर्ज थे।
सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया है और अन्य नक्सलियों की तलाश जारी है। क्षेत्र में सतर्कता भी बढ़ा दी गई है।
इस बीच बस्तर रेंज के आईजी सुन्दरराज पट्टलिंगम ने नक्सली कैडरों से आत्मसमर्पण करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाने का समय सीमित है और हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने वालों का स्वागत किया जाएगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि नक्सलवाद के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।















