Friday, April 3, 2026
Home Breaking चाकू दिखाकर लूट की कोशिश, 3 किमी पीछा कर पुलिस ने आरोपी...

चाकू दिखाकर लूट की कोशिश, 3 किमी पीछा कर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

11

The Duniyadari: रायपुर जिले में लूट की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। घटना 2 अप्रैल की रात धरसींवा थाना क्षेत्र के सांकरा हाईवे रोड स्थित पंजाब बैट्री वर्क्स के पास की है।

मिली जानकारी के अनुसार, गणेश कुमार चंद्राकर अपने पिकअप वाहन को खड़ा कर खाना खा रहे थे। इसी दौरान सागर रजक नामक युवक वहां पहुंचा और चाकू दिखाकर उन्हें धमकाने लगा। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। विरोध करने पर उसने गणेश कुमार पर चाकू से हमला कर दिया।

इसी बीच तिल्दा नेवरा थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी रात्रि गश्त के दौरान वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ित को बचाया। पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से भाग निकला, जिसके बाद निरीक्षक तिवारी और उनकी टीम ने आरोपी का पीछा शुरू किया। अंधेरा होने के बावजूद पुलिस टीम ने करीब तीन किलोमीटर तक पीछा कर कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी सागर रजक के खिलाफ धरसींवा थाना में अपराध क्रमांक 177/26 के तहत धारा 119(1), 118(1), 296, 115(2) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बटनदार चाकू भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, सागर रजक आदतन अपराधी है और पूर्व में खमतराई थाना क्षेत्र में लूट के मामले में जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी सागर रजक (22 वर्ष) लक्ष्मी नगर, ग्राम सांकरा, थाना धरसींवा रायपुर का निवासी है।