Saturday, April 4, 2026
Home Breaking 10 अप्रैल को फिर होगी 12वीं हिंदी विशिष्ट की परीक्षा, 100 केंद्राध्यक्षों...

10 अप्रैल को फिर होगी 12वीं हिंदी विशिष्ट की परीक्षा, 100 केंद्राध्यक्षों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

10

The Duniyadari: रायगढ़। माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा 2026 के तहत कक्षा 12वीं हिंदी विशिष्ट विषय की 23 मार्च को हुई परीक्षा निरस्त किए जाने के बाद अब इसे 10 अप्रैल 2026 को पुनः आयोजित किया जाएगा। जिले के सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों में परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

इसी सिलसिले में सृजन सभा कक्ष में जिले के 100 परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्षों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम ने प्रशिक्षण के दौरान कहा कि इस बार मंडल के नए दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गोपनीयता और विश्वसनीयता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

बताया गया कि 23 मार्च को आयोजित हिंदी विशिष्ट विषय की परीक्षा तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से निरस्त की गई थी। इसके बाद मंडल ने नई तिथि घोषित करते हुए 10 अप्रैल को पुनः परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है।

प्रशिक्षण के दौरान परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन, समन्वयक केंद्र से थानों तक वितरण, परीक्षा केंद्रों तक सामग्री पहुंचाने और परीक्षा के बाद उत्तरपुस्तिकाओं के सुरक्षित संकलन की व्यवस्था शामिल रही। अधिकारियों ने पीपीटी के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से पूरी प्रक्रिया समझाई, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने।

गोपनीय सामग्री के परिवहन के लिए प्रत्येक थाने हेतु अलग-अलग परिवहन अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। यह कार्य केवल शासकीय वाहनों से किया जाएगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे। परीक्षा की सुरक्षा के लिए डीएसपी स्तर के अधिकारी को पुलिस नोडल नियुक्त किया गया है।

जिले में डीएसपी सुशांतो बनर्जी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे राज्य स्तर से लेकर परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीय सामग्री के परिवहन और उत्तरपुस्तिकाओं के सुरक्षित जमा कराने की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक नोडल अधिकारी, जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी, मास्टर ट्रेनर, सभी केंद्राध्यक्ष और परिवहन अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का दावा है कि 10 अप्रैल को होने वाली परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि परीक्षा बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। 📚