Saturday, April 11, 2026
Home Breaking मोबाइल दुकान पर देर रात डेटोनेटर से हमला, संचालक घायल — पुरानी...

मोबाइल दुकान पर देर रात डेटोनेटर से हमला, संचालक घायल — पुरानी रंजिश की आशंका

12

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए डेटोनेटर से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। वारदात के समय दुकान संचालक शटर बंद कर अंदर काम कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने शटर के नीचे से एक साथ चार डेटोनेटर दुकान के भीतर फेंक दिए।

दुकानदार को खतरे का अंदेशा होते ही उसने डेटोनेटर को बाहर फेंकने की कोशिश की, लेकिन तभी जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट में संचालक के पैर में चोट आई और दुकान के अंदर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। धमाके की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। रविवार को फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। डीएसपी प्रदीप सोरी ने घायल भूपेंद्र साहू से पूछताछ की, जिसमें उसने रमन केवट नामक व्यक्ति पर संदेह जताया।

भूपेंद्र के अनुसार, शनिवार को रमन केवट और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो रहा था, जिसे शांत कराने वह बीच-बचाव के लिए गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी बात को लेकर आरोपी ने रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया हो। पुलिस ने बयान दर्ज करने के बाद संदेही रमन केवट को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अन्य संदिग्धों की भी तलाश की जा रही है।