The Duniyadari: दंतेवाड़ा, छत्तीसगढ़ — दंतेवाड़ा जिले में दुर्लभ वन्य जीव शेकरू (भारतीय विशाल गिलहरी) का शिकार कर सोशल मीडिया पर रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया।
आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 9 शेकरू का शिकार किया और फिर उन्हें पकाकर खा लिया। इस पूरी घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया, जिसके वायरल होते ही वन विभाग हरकत में आ गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी बंशी राम कवासी बारसूर इलाके का रहने वाला है। उसने शिकार के बाद हिड़मा के वायरल गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड की थी। यह वीडियो वन विभाग तक पहुंचा, जिसके बाद डीएफओ रंगनाधा रामाकृष्णा के निर्देश पर टीम गठित की गई। दंतेवाड़ा रेंजर डॉ. प्रीतेश पांडेय और गीदम रेंजर ज्योत्सना पांडेय के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की।
वन विभाग ने आरोपी की इंस्टाग्राम आईडी के आधार पर उसका मोबाइल नंबर और लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद टीम अबूझमाड़ क्षेत्र के एक अंदरूनी गांव पहुंची और वहां से युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इस शिकार में उसके साथ कुल 11 लोग शामिल थे, जिनकी तलाश जारी है।
आरोपी ने बताया कि वह साथियों के साथ जंगल गया था और पेड़ों पर रहने वाले शेकरू को फंसाने के लिए जमीन और टहनियों पर खाने का सामान रखा गया। जब शेकरू झुंड में पहुंचे तो गुलेल से हमला कर 9 को मार गिराया गया। इसके बाद सभी को घर लाकर आंगन में रखकर रील बनाई गई और बाद में पकाकर खा लिया गया।
वन विभाग के अनुसार, यह पहली घटना नहीं है। पहले भी इस दुर्लभ प्रजाति का शिकार किए जाने की जानकारी मिली है। फिलहाल फरार आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी तलाश तेज कर दी गई है। वन विभाग ने चेतावनी दी है कि संरक्षित वन्य जीवों के शिकार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।















