Saturday, April 11, 2026
Home Breaking अवैध खनन पर सख्ती, 612 मामलों में 1.74 करोड़ की वसूली, 200...

अवैध खनन पर सख्ती, 612 मामलों में 1.74 करोड़ की वसूली, 200 ट्रैक्टर रेत नदी में लौटाई

10

The Duniyadari: जांजगीर- जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त अभियान चलाया हुआ है।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।

इस अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 612 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार 220 रुपये की राशि वसूल कर शासन के खनिज मद में जमा कराई गई है।

प्रशासन ने अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बार-बार अवैध गतिविधियों में पकड़े जाने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए आरटीओ को भी निर्देशित किया गया है। साथ ही जब्त की गई अवैध रेत को संबंधित वाहनों से पुनः नदी में डलवाने की कार्रवाई भी की जा रही है।

खनिज विभाग के अनुसार, अवैध खनिज गतिविधियों में शामिल लोगों पर छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संसाधनों के संरक्षण और राजस्व हानि रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

पिछले दो महीनों में भी प्रशासन ने सघन अभियान चलाकर 50 प्रकरण दर्ज किए हैं। इन मामलों में 16 लाख 73 हजार 176 रुपये की वसूली की गई है। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी अवैध खनन के खिलाफ नियमित निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।

इसी क्रम में ग्राम नवापारा में संयुक्त टीम ने अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की। जांच के दौरान नदी किनारे डंप की गई लगभग 200 ट्रैक्टर रेत को वापस नदी में डलवाया गया।

इसके अलावा अवैध परिवहन में संलिप्त दो हाईवा वाहनों को जब्त कर पुलिस लाइन में रखा गया है। संबंधित प्रकरण में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन, भंडारण और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।