Wednesday, April 15, 2026
Home Breaking KORBA: खुले नाले में गिरी बाइक, युवक घायल — टला बड़ा हादसा

KORBA: खुले नाले में गिरी बाइक, युवक घायल — टला बड़ा हादसा

25

The Duniyadari: कोरबा- शहर के डीएम रोड स्थित साईं पैलेस के पास शुक्रवार रात एक लापरवाही भरा दृश्य सामने आया, जब खुले पड़े नाले में एक बाइक सवार युवक गिरकर घायल हो गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की तत्परता से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार मुड़ापार निवासी ओम प्रकाश रात के समय अपनी बाइक से डीएम रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान साईं पैलेस के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वे सीधे सड़क किनारे बने खुले नाले में जा गिरे। नाला काफी गहरा होने के साथ कीचड़ और दलदल से भरा हुआ था, जिससे युवक बाइक समेत उसमें फंस गया और बाहर निकलना मुश्किल हो गया।

युवक की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए प्रयास शुरू किया। पहले रस्सी के सहारे बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन दलदल और गहराई के कारण यह प्रयास सफल नहीं हो सका।

इसके बाद मौके पर सीढ़ी लाकर नाले में डाली गई, लेकिन सीढ़ी का एक हिस्सा भी कीचड़ में धंस गया। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार सीढ़ी के सहारे युवक को बाहर निकाला गया। हादसे में युवक को हल्की चोटें आई हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। नागरिकों का कहना है कि शहर के कई इलाकों में नाले खुले पड़े हैं और उनकी नियमित सफाई नहीं हो रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित है, जबकि जमीनी हकीकत इससे अलग है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि खुले नालों को तत्काल ढंकने के साथ-साथ नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। यह घटना शहर की सुरक्षा व्यवस्था और नगर निगम की लापरवाही को एक बार फिर उजागर करती है।