Saturday, April 11, 2026
Home Breaking नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार, गांजा-शराब और...

नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार, गांजा-शराब और नकदी जब्त

3

The Duniyadari: दुर्ग- जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त अभियान चलाते हुए संयुक्त कार्रवाई की है। डीएसपी यदुमनी सिदार के मार्गदर्शन में खुर्सीपार, सुपेला और नंदिनी नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में गांजा, अवैध शराब और नकदी भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के देवार पारा में एक व्यक्ति द्वारा खुलेआम गांजा बेचने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 2 किलो 50 ग्राम गांजा और 400 रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमजद देवार (52 वर्ष) निवासी देवार पारा बताया। आरोपी ने अवैध रूप से गांजा बेचने की बात स्वीकार की, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि इस अभियान के दौरान कुल 4 किलो 750 ग्राम गांजा, देशी शराब और नकद राशि बरामद की गई है। अन्य तीन आरोपियों से भी पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।