Sunday, April 12, 2026
Home Breaking कार पलटने से खुला गांजा तस्करी का बड़ा खेल, 50 किलो नशा...

कार पलटने से खुला गांजा तस्करी का बड़ा खेल, 50 किलो नशा बरामद, तस्कर फरार

13

The Duniyadari: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शनिवार रात गांजा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर (भारतमाला मार्ग) पर तेज रफ्तार से भाग रही एक संदिग्ध कार अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के बाद वाहन में सवार तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया।

यह पूरी घटना नरहरपुर थाना क्षेत्र की दुधावा पुलिस चौकी इलाके की बताई जा रही है। पुलिस को पहले ही मुखबिर के माध्यम से गांजा तस्करी की सूचना मिल गई थी। सूचना मिलते ही नरहरपुर पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया। इसी दौरान तेज गति और नियंत्रण खोने के कारण कार सड़क किनारे पलट गई।

हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन की जांच की तो उसमें करीब 50 किलो गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है। जांच के दौरान कार में दो अलग-अलग राज्यों के नंबर प्लेट भी मिले, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। संभावित रास्तों पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भारतमाला मार्ग का इस्तेमाल तस्करी के लिए बढ़ता जा रहा है, इसलिए इस मार्ग पर निगरानी और कड़ी की जाएगी।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और तकनीकी जांच के साथ स्थानीय सूचना तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस का मानना है कि जल्द ही इस तस्करी नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।