The Duniyadari: रायपुर- विष्णु देव साय ने सोमवार को राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक रोहित साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने अपना पूरा जीवन समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा और उनके उत्थान के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं और उनके आदर्शों पर चलकर ही एक न्यायपूर्ण व्यवस्था स्थापित की जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता का प्रतीक है। उनके विचार हमें समाज में भाईचारा, समरसता और समान अवसर सुनिश्चित करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग बाबा साहब के आदर्शों को अपनाएं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं।
इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी डॉ. अम्बेडकर को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।















