The Duniyadari: बलौदाबाजार- आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा इस वर्ष भी “सुशासन तिहार 2026” का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के तहत 30 अप्रैल 2026 तक जिले में लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें भूमि संबंधी मामलों जैसे नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा मनरेगा मजदूरी भुगतान, हितग्राही मूलक योजनाओं की लंबित राशि, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मर समस्याएं और हैंडपंप सुधार से जुड़े मामलों का भी त्वरित समाधान किया जाएगा।
इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी विशेष जोर रहेगा।
1 मई से 10 जून तक लगेंगे समाधान शिविर
सुशासन तिहार के तहत 1 मई से 10 जून 2026 तक जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 ग्राम पंचायतों के समूह के आधार पर तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के अनुसार शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
शिविरों में प्राप्त आवेदनों का अधिकतम एक माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रत्येक आवेदक को उसके आवेदन की स्थिति से अवगत कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने पंचायतों और नगरीय निकायों को शिविरों की तैयारी के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारी एवं शिविर प्रभारी भी नियुक्त किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री करेंगे औचक निरीक्षण
अभियान के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विभिन्न जिलों का दौरा कर विकास कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे। साथ ही हितग्राहियों से सीधा संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक भी लेंगे। जिला मुख्यालयों में समीक्षा बैठक आयोजित कर समाधान शिविरों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री प्रेसवार्ता को संबोधित करेंगे और सामाजिक संगठनों तथा नागरिकों से सुझाव भी प्राप्त करेंगे।













