Saturday, April 18, 2026
Home Breaking फाइल गुम होने से परेशान युवक का अनोखा विरोध, हाउसिंग बोर्ड कार्यालय...

फाइल गुम होने से परेशान युवक का अनोखा विरोध, हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में टेबल पर बिखेरे बादाम

12
Oplus_16908288

The Duniyadari: Bilaspur में हाउसिंग बोर्ड की कार्यप्रणाली से नाराज़ एक युवक ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाकर अधिकारियों का ध्यान खींचा। तिफरा क्षेत्र निवासी तरुण साहू ने नामांतरण की फाइल एक साल से लंबित रहने और उसके गुम होने से परेशान होकर कार्यालय में ही बादाम बिखेर दिए।

जानकारी के अनुसार, तरुण साहू ने तिफरा इलाके में रिसेल के माध्यम से ईडब्ल्यूएस फ्लैट खरीदा था। खरीद के बाद नियमानुसार नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए वह हाउसिंग बोर्ड कार्यालय पहुंचा। लेकिन वहां उसे बताया गया कि उसकी फाइल गायब हो गई है। युवक का आरोप है कि पिछले एक साल से वह लगातार कार्यालय के चक्कर काट रहा है, लेकिन हर बार उसे “कल आना” या “कुछ दिन बाद आना” कहकर टाल दिया जाता रहा।

लगातार हो रही देरी और अधिकारियों की बेरुखी से नाराज़ होकर तरुण साहू बादाम की थैली लेकर कार्यालय पहुंचा। उसने अधिकारी की टेबल पर बादाम बिखेरते हुए कहा कि “शायद बादाम खाने से आपकी याददाश्त तेज हो जाए और मेरी फाइल मिल जाए।” युवक ने इस विरोध का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद हाउसिंग बोर्ड की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में नाराज़गी देखी जा रही है। वहीं, मामले के तूल पकड़ने के बाद विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।