The Duniyadari: रायपुर- छत्तीसगढ़ में अप्रैल के महीने में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। लगातार बढ़ते तापमान से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं स्कूली बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है।
सरकार ने प्रदेश के सभी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक प्रदेश के सभी सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में कक्षाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। बढ़ती गर्मी और बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे असर को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
पिछले कुछ दिनों से रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग सहित प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। गर्मी बढ़ने के साथ ही स्कूलों में बच्चों की तबीयत खराब होने की शिकायतें भी सामने आने लगी थीं, जिसके बाद सरकार ने तत्काल प्रभाव से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने का फैसला किया।
सरकार के इस फैसले के बाद यह आदेश पूरे प्रदेश में लागू होगा। सभी सरकारी स्कूलों के साथ-साथ निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों को भी निर्धारित अवधि तक बंद रखना अनिवार्य किया गया है।















