Monday, August 24, 2026
Home जांजगीर-चांपा मुलमुला थाना से सुबह के वक्त फरार हुआ आरोपी, ड्यूटी में लापरवाही...

मुलमुला थाना से सुबह के वक्त फरार हुआ आरोपी, ड्यूटी में लापरवाही पर एसपी ने आरक्षक को किया निलंबित; पुलिस ने शुरू की तलाश

6

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा।जिले के मुलमुला थाना से पुलिस कस्टडी में रखा गया एक आरोपी फरार हो गया। अवैध शराब बिक्री के मामले में गिरफ्तार आरोपी के थाने से भाग निकलने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। घटना में ड्यूटी पर लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने निगरानी में तैनात आरक्षक को निलंबित कर दिया है। वहीं पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, फनेंद्र सिंह को अमोरा गांव में अवैध शराब बिक्री के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के बाद आरोपी को मुलमुला थाना लाया गया, जहां उसे पुलिस कस्टडी में रखा गया था। आरोपी की निगरानी की जिम्मेदारी आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को दी गई थी।

बताया जा रहा है कि 22 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे से 6 बजे के बीच आरोपी थाना परिसर से फरार हो गया। आरोपी के गायब होने की जानकारी सामने आते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास के संभावित ठिकानों के साथ ही अन्य स्थानों पर भी आरोपी की तलाश कर रही है।

निगरानी में लापरवाही पर आरक्षक निलंबित

मामले में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबन के बाद आरक्षक को रक्षित केंद्र जांजगीर से संबद्ध कर दिया गया है।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कस्टडी में रखा आरोपी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किस तरह थाना परिसर से बाहर निकलने में सफल हुआ। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।