The Duniyadari: जांजगीर-चांपा- जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़पार में धार्मिक भावनाओं को आहत करने की कोशिश का मामला सामने आया है।
रविवार रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने गांव के हनुमान मंदिर में घुसकर मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। सोमवार सुबह जब ग्रामीण पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो मूर्ति खंडित अवस्था में देख आक्रोशित हो गए और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
ग्राम मुड़पार का यह हनुमान मंदिर स्थानीय लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी नाराजगी फैल गई। लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं से छेड़छाड़ बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
आक्रोशित ग्रामीणों ने शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पर पहुंचकर चक्का जाम कर दिया। महिलाएं और युवा भी बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल हुए। सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने के कारण शिवरीनारायण-जांजगीर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हुआ। करीब चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए जिले की एसपी निवेदिता पाल ने तत्काल पुलिस अधिकारियों को मौके पर भेजा। एएसपी उमेश कश्यप पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद दोपहर में ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो सका।
शिवरीनारायण पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।















