Tuesday, April 21, 2026
Home Breaking राइस मिल में भीषण आग, धान और बारदाना जलकर खाक

राइस मिल में भीषण आग, धान और बारदाना जलकर खाक

12

The Duniyadari: कांकेर जिले के कुलगांव स्थित एक राइस मिल में मंगलवार को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग अजीबी एग्रो राइस मिल में लगी, जिसके बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और दमकल विभाग को जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि आग तेजी से फैल गई, जिससे राइस मिल में रखे धान, चावल और बड़ी मात्रा में बारदाना जलकर नष्ट हो गया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

राइस मिल के मालिक मोहम्मद आवेश भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भयानक थी कि धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें धान के बोरों में लगी आग का विकराल रूप देखा जा सकता है।

फिलहाल दमकल टीम आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हुई है। नुकसान का आकलन अभी नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।