Sunday, April 26, 2026
Home Breaking भर्ती परीक्षा के दौरान विवाद, ड्रेस कोड के नाम पर अभ्यर्थियों को...

भर्ती परीक्षा के दौरान विवाद, ड्रेस कोड के नाम पर अभ्यर्थियों को कपड़े उतरवाने का आरोप

11
Oplus_16908288

The Duniyadari: सरगुजा जिले के अंबिकापुर में आयोजित मंडी निरीक्षक भर्ती परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर बवाल खड़ा हो गया। परीक्षा देने पहुंचे कई अभ्यर्थियों ने सेंटर पर लागू ड्रेस कोड को लेकर गंभीर आपत्ति जताई और इसे अपमानजनक बताया।

अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा केंद्र में काले और गहरे रंग के कपड़े पहनकर पहुंचने पर उन्हें रोक दिया गया और नियमों का हवाला देते हुए शर्ट व टी-शर्ट उतरवाने के लिए बाध्य किया गया। हालात ऐसे बन गए कि कई परीक्षार्थियों को केवल बनियान में ही परीक्षा देनी पड़ी।

परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था से उन्हें भारी असहजता हुई, खासकर तब जब महिला अभ्यर्थियों की मौजूदगी में इस तरह परीक्षा देनी पड़ी। उनका कहना है कि यह न सिर्फ असुविधाजनक था, बल्कि उनकी गरिमा को भी ठेस पहुंचाने वाला है।

जानकारी के मुताबिक, यह परीक्षा एक निजी स्कूल में आयोजित की गई थी, जहां सुरक्षा और नियमों के पालन के नाम पर सख्ती बरती गई। हालांकि, अभ्यर्थियों का आरोप है कि नियमों को लागू करने का तरीका अनुचित था।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद परीक्षार्थियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, इस मुद्दे को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है और प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।