The Duniyadari: Raipur- छत्तीसगढ़ के अभनपुर क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां मां मातंगी दिव्य धाम के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमासाई महाराज को व्हाट्सएप के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई है। घटना के बाद महाराज अपने समर्थकों के साथ अभनपुर थाना पहुंचे और पुलिस से सुरक्षा की मांग की।
महाराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 अप्रैल को दोपहर करीब 12:40 बजे, जब वे केरल में निजी यात्रा पर थे, उसी दौरान एक अज्ञात नंबर से उनके व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक और अभद्र संदेश भेजे गए। आरोप है कि मैसेज करने वाले ने न सिर्फ उन्हें बल्कि उनके पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि संदिग्ध मोबाइल नंबर जम्मू-कश्मीर क्षेत्र से जुड़ा हो सकता है। ट्रूकॉलर पर इस नंबर के साथ “हिलाल बानी” नाम दिखाई दे रहा है। हालांकि पुलिस इस जानकारी की पुष्टि में जुटी हुई है।
डॉ. प्रेमासाई महाराज समाज और धर्म से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहते हैं और विभिन्न मंचों के माध्यम से प्रवचन देते हैं। वे हिंदू एकता और जागरूकता से जुड़े बड़े आयोजनों का भी संचालन करते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं।
महाराज ने यह भी बताया कि उन्हें पहले भी कई बार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से धमकियां मिल चुकी हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए.
ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। साथ ही उन्होंने अपने परिवार और धाम से जुड़े लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।















