The Duniyadari: डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अछोली में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब सुदर्शन पहाड़ के पास एक युवक का शव पेड़ से फंदे पर झूलता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान अछोली निवासी 36 वर्षीय अमित हत्थेल के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक था और डोंगरगढ़ में काम करता था। सुबह स्थानीय लोगों ने पेड़ पर शव लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इंकार किया है। मौके का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके। फिलहाल इस घटना से अछोली सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।















