The Duniyadari: KORBA जिले के उरगा थाना क्षेत्र में मड़वारानी केबिन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव रेलवे के बिजली खंभे के तार में उलझा हुआ पाया गया, जिससे प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि युवक चलती ट्रेन से गिरकर खंभे से टकरा गया होगा।
घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन मास्टर ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उरगा पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक संभवतः रात के समय किसी यात्री ट्रेन के दरवाजे पर खड़ा था और संतुलन बिगड़ने के कारण हादसे का शिकार हो गया।
मृतक की उम्र करीब 24 वर्ष बताई जा रही है। उसके शरीर पर काले रंग का लोअर, टी-शर्ट और जूते थे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल के अनुसार, अब तक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। शव के पास से कोई भी पहचान से जुड़ा दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस आसपास के गांवों में मुनादी करवा रही है और सोशल मीडिया व व्हाट्सएप ग्रुपों के जरिए भी युवक की पहचान कराने की कोशिश कर रही है।
पुलिस का कहना है कि युवक की पहचान होने के बाद ही घटना के बारे में पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।















