Saturday, May 9, 2026
Home Breaking ‘ऑपरेशन तलाश’ से फरार आरोपी पकड़ेंगे, विजुअल पुलिसिंग पर जोर; ढाबों की...

‘ऑपरेशन तलाश’ से फरार आरोपी पकड़ेंगे, विजुअल पुलिसिंग पर जोर; ढाबों की जांच और ओडिशा से आने वाले गांजे पर सख्ती के निर्देश

13

The Duniyadari: Raigarh–  जिले में अपराधों के त्वरित निराकरण और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में मैराथन क्राइम मीटिंग ली। बैठक तीन चरणों में हुई। पहले चरण में रायगढ़ अनुभाग, दूसरे में धरमजयगढ़-खरसिया अनुभाग और तीसरे चरण में पुलिस की विभिन्न शाखाओं के कामकाज की समीक्षा की गई।

मीटिंग से पहले एसएसपी ने सभी अधिकारियों को वर्चुअल बैठक में लंबित केस, प्रगति रिपोर्ट और विवेचना की अपडेट जानकारी के साथ आने को कहा था। बैठक में गंभीर अपराधों की केस-दर-केस समीक्षा हुई। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए “ऑपरेशन तलाश” के तहत विशेष अभियान चलाने की रणनीति बनी। जरूरत पड़ने पर टीमों को दूसरे राज्यों में भी भेजा जाएगा। सीएसपी और एसडीओपी को अपराध निकाल की व्यक्तिगत जिम्मेदारी दी गई।

*विजुअल पुलिसिंग पर जोर*  

एसएसपी ने सभी थाना-चौकी प्रभारियों को चौक-चौराहों, बाजार, सार्वजनिक स्थल, ढाबों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए। वाहन पेट्रोलिंग, बीट सिस्टम, फ्लैग मार्च और जनसंपर्क से जनता में सुरक्षा का भरोसा और बदमाशों में पुलिस का खौफ कायम करने को कहा।

*निगरानी बदमाशों का होगा वर्गीकरण*  

लंबित मर्ग, गुम इंसान, शिकायत और निगरानी बदमाशों की समीक्षा हुई। सक्रिय-निष्क्रिय बदमाशों का दोबारा सत्यापन कर उन्हें ए, बी और सी श्रेणी में बांटने के निर्देश दिए गए ताकि निगरानी आसान हो।

*’ऑपरेशन आघात’ और ‘ऑपरेशन अंकुश’ तेज होंगे*  

एसएसपी ने मादक पदार्थों के खिलाफ ‘ऑपरेशन आघात’ को और असरदार बनाने को कहा। साफ किया कि ओडिशा से आने वाला गांजा जिले के किसी भी थाना क्षेत्र से पार नहीं होना चाहिए। सभी थाना प्रभारियों को ढाबों की नियमित जांच, अवैध शराब बिक्री पर रोक और ढाबों पर थाना प्रभारी का नंबर चस्पा कराने के निर्देश दिए। धर्मकांटा की आड़ में कबाड़ की अवैध खरीद-बिक्री पर भी नजर रखने को कहा। ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत ऑनलाइन सट्टे पर कार्रवाई जारी रहेगी।

सामुदायिक पुलिसिंग मजबूत करने के लिए साइबर क्राइम, ट्रैफिक, महिला सुरक्षा और नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। राजपत्रित अधिकारियों को अधीनस्थ थानों की नियमित समीक्षा और अच्छा काम करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने को कहा गया। साथ ही शिकायत मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।