The Duniyadari: कोरबा- बुधवारी इलाके में लगे डिज्नीलैंड मेले में कर्मचारियों की गुंडागर्दी सामने आई है। झूले में एक राउंड और झुलाने की मांग पर विवाद इतना बढ़ा कि कर्मचारियों ने पति-पत्नी और उनके साथी के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान एक कर्मचारी ने महिला को लात मारकर नीचे गिरा दिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मेला मैनेजर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
मानिकपुर चौकी क्षेत्र में 1 मई से डिज्नीलैंड मेले का आयोजन चल रहा है। 7 मई को एक दंपती अपने साथी के साथ मेला घूमने पहुंचे थे। वे ऊंचे वाले झूले में बैठे। झूला रुकने के बाद उन्होंने ऑपरेटर से एक बार और तेजी से झुलाने को कहा। इसी बात पर कर्मचारियों से बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
कर्मचारियों ने तीनों को घेरकर पीटा। इसी बीच एक कर्मचारी ने महिला को सरेआम लात मार दी, जिससे वह जमीन पर गिर गई। मौके पर मौजूद किसी शख्स ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मानिकपुर पुलिस ने 8 मई को कार्रवाई की। चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि डिज्नीलैंड के मैनेजर समसुद्दीन खान, आकाश झूला के मालिक राहुल कुमार पासवान और कर्मचारी आनंद कुमार पासवान के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया है। मेला कर्मचारियों ने मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है।
गौरतलब है कि इस मेले की सुरक्षा पर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। दो साल पहले यहां 3 व्यापारियों की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी, जिसकी जांच रिपोर्ट अब तक नहीं आई है। इससे पहले झूला गिरने से कई लोग घायल भी हो चुके हैं। यह मेले में तीसरी बड़ी घटना है।















