Tuesday, May 12, 2026
Home Breaking कोरबा में भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष के धरने पर सियासत गरमाई:...

कोरबा में भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष के धरने पर सियासत गरमाई: पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल बोले- कमीशनखोरी से परेशान हैं सत्ता पक्ष के नेता, सीईओ पर हो कार्रवाई

10

The Duniyadari: कोरबा– जिला पंचायत कार्यालय के सामने सोमवार को भाजपा समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह और सदस्यों के धरने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने श्रम एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधि खुद अधिकारियों की कमीशनखोरी से त्रस्त होकर धरने पर बैठने को मजबूर हैं।

जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में ‘सुशासन तिहार’ के तहत गांव-शहरों में शिविर लगाकर समस्याएं सुलझाने का दावा किया जा रहा है। मगर कोरबा में सत्ता पक्ष के अध्यक्ष और सदस्यों के काम तक नहीं हो रहे। जब जनप्रतिनिधियों को अफसरों से मिलने का समय नहीं मिल रहा और नारेबाजी करनी पड़ रही है, तो आम जनता की हालत समझी जा सकती है।

*सीईओ पर कार्रवाई की मांग*

पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष ने खुलकर अधिकारियों पर कमीशनखोरी के आरोप लगाए हैं। ऐसे कर्तव्यहीन जिला पंचायत सीईओ के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि धरने की सूचना पर मंत्री लखनलाल देवांगन मौके पर पहुंचे और नाराज नेताओं को मनाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। इससे साफ है कि भीतर नाराजगी गहरी है।

*भ्रष्टाचार और अवैध कारोबार का आरोप*

अग्रवाल ने आरोप लगाया कि जिले में अफसरों को कमीशन लेने की खुली छूट मिली हुई है। इसी वजह से भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि आक्रोशित हैं। उन्होंने कहा कि कोरबा में मनमाने तरीके से राखड़ डंप किया जा रहा है। रेत, डीजल, कबाड़ और कोयला चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और इन्हें राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि कोरबा में भ्रष्टाचार चरम पर है। जब सत्ता पक्ष के नेता ही काम के लिए धरने पर बैठ रहे हैं तो आम लोगों को राहत मिलना मुश्किल है। अफसर मनमानी कर रहे हैं और जनता की सुनवाई नहीं हो रही।