The Duniyadari: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। लूट, छीना-झपटी और चाकूबाजी की बढ़ती घटनाओं के बीच सोमवार सुबह भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मोबाइल स्नैचिंग का शिकार हो गए। घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सिरे से बहस छेड़ दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8:15 बजे धरमलाल कौशिक रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान बाइक पर सवार एक युवक अचानक उनके करीब पहुंचा और हाथ में रखा मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गया। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं सके। घटना के समय कौशिक अकेले थे।
वारदात के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल बढ़ गई और वरिष्ठ अधिकारी जांच में जुट गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। इसके लिए अलग-अलग टीमों को भी लगाया गया है, लेकिन फिलहाल बदमाश पुलिस की पकड़ से दूर बताए जा रहे हैं।
घटना ऐसे समय हुई है, जब प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा राजधानी में कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे हैं। ऐसे में विपक्ष को सरकार पर हमला बोलने का नया मुद्दा मिल गया है।
राजधानी में पिछले कुछ दिनों से लगातार मोबाइल स्नैचिंग, चाकूबाजी और लूट की घटनाएं बढ़ी हैं। हाल ही में पंडरी इलाके में एक युवक पर ब्लेड से हमला कर मोबाइल लूट लिया गया था। वहीं खरोरा इलाके में हुई करीब 80 लाख रुपये की बड़ी लूट के आरोपी भी अब तक गिरफ्त से बाहर हैं।
लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने आम नागरिकों में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। लोग अब राजधानी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।















