Monday, May 18, 2026
Home Breaking बुलडोजर कार्रवाई से बेघर हुआ परिवार, बुजुर्ग ने हाईटेंशन टावर पर चढ़कर...

बुलडोजर कार्रवाई से बेघर हुआ परिवार, बुजुर्ग ने हाईटेंशन टावर पर चढ़कर दी जान देने की चेतावनी

9
Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur- धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सारागांव में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बुजुर्ग ग्रामीण हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।

बताया जा रहा है कि ग्रामीण कालिया साहू का मकान हाल ही में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण बताकर तोड़ दिया गया था। कार्रवाई के बाद परिवार बेघर हो गया और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। परिवार का कहना है कि वर्षों से वे उसी जगह पर रह रहे थे और खेती-मजदूरी कर गुजर-बसर करते थे।

मकान टूटने से आहत बुजुर्ग ने कई बार अधिकारियों से मदद और न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकलने पर उसने यह कदम उठाया। टावर पर चढ़े बुजुर्ग को देखने आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार उससे बातचीत कर उसे शांत कराने की कोशिश करते रहे।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं और पीड़ित परिवार को राहत व पुनर्वास देने की मांग की है।