The Duniyadari: Raipur- गर्मी के मौसम में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई वन-वे TOD (ट्रेन ऑन डिमांड) स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। रेलवे द्वारा जारी ताजा ऑक्यूपेंसी रिपोर्ट के अनुसार इन विशेष ट्रेनों में अभी भी बड़ी संख्या में सीटें और बर्थ उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ गई है।
27 मई 2026 की स्थिति के मुताबिक जिन स्पेशल ट्रेनों में पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं, उनमें बिलासपुर-पोत्तनूर TOD स्पेशल (08201), दुर्ग-एर्नाकुलम TOD स्पेशल (08707) और गोंदिया-आगरा कैंट TOD स्पेशल (08811) शामिल हैं। रेलवे का कहना है कि इन ट्रेनों का उद्देश्य यात्रियों को भीड़भाड़ के बीच सहज और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे उपलब्ध बर्थों का लाभ उठाते हुए समय रहते अपनी टिकट बुक करा लें। टिकटों की बुकिंग irctc.co.in� वेबसाइट, रेल वन मोबाइल ऐप और सभी अधिकृत रेलवे आरक्षण केंद्रों पर की जा सकती है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि यात्रियों की मांग और बुकिंग की स्थिति के अनुसार स्पेशल ट्रेनों के संचालन की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके।















