The Duniyadari: Raigarh- पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ द्वारा जारी निर्देशों के तहत रायगढ़ जिले को व्यवहारिक प्रशिक्षण के लिए 18 प्रशिक्षु उप निरीक्षक आवंटित किए गए हैं। सभी प्रशिक्षु अधिकारियों ने पुलिस लाइन पहुंचकर अपनी आमद दर्ज कराई, जहां उनका वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय कराया गया और प्रशिक्षण संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि अकादमिक प्रशिक्षण के बाद फील्ड में कार्य करना पुलिस सेवा की वास्तविक सीख का महत्वपूर्ण चरण होता है। उन्होंने कहा कि व्यवहारिक प्रशिक्षण के दौरान अधिकारी कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जांच प्रक्रिया और जनसंपर्क जैसे विषयों की व्यावहारिक समझ विकसित करते हैं, जो उनके भविष्य के कार्यकाल में बेहद उपयोगी साबित होगी।
एसएसपी ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को अनुशासन, निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि पुलिस की भूमिका केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में विश्वास और सुरक्षा का वातावरण बनाना भी उसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार रवैया अपनाने का संदेश दिया।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को जिले के विभिन्न थाना एवं पुलिस इकाइयों में अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है। यहां वे अनुभवी अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस कार्यप्रणाली की बारीकियों को समझेंगे और वास्तविक परिस्थितियों में कार्य करने का अनुभव प्राप्त करेंगे।
वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रशिक्षु उप निरीक्षकों से प्रशिक्षण अवधि का पूरा लाभ उठाने, निरंतर सीखने और उत्कृष्ट पुलिस अधिकारी बनने के लक्ष्य के साथ कार्य करने का आह्वान किया। जिले में उनकी तैनाती को पुलिसिंग के व्यावहारिक ज्ञान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













