The Duniyadari: दंतेवाड़ा– जिले में संचालित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में विभिन्न संविदा पदों पर भर्ती के लिए चल रही प्रक्रिया को फिलहाल रोक दिया गया है। प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, बारसूर, कुआकोंडा और कटेकल्याण स्थित विद्यालयों में व्याख्याता, शिक्षक सहित शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
इन पदों के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच (स्क्रूटनी) के बाद पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जिला प्रशासन की वेबसाइट तथा कार्यालय के सूचना पटल पर प्रकाशित की गई थी। हालांकि, उच्च स्तर से प्राप्त निर्देशों और अपरिहार्य कारणों के चलते भर्ती प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा आधार पर होने वाली वर्तमान भर्ती प्रक्रिया अगले आदेश तक स्थगित रहेगी। भर्ती से संबंधित आगे की जानकारी अभ्यर्थियों को विभागीय माध्यमों से उपलब्ध कराई जाएगी।















