The Duniyadari: KORBA जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने शनिवार को सख्त कार्रवाई करते हुए सात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया। प्रशासनिक टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बरपाली क्षेत्र के चिचोली और भैंसामुड़ा रेत घाटों पर छापेमारी की, जहां अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान चिचोली घाट से चार तथा भैंसामुड़ा घाट से तीन ट्रैक्टर पकड़े गए। जांच में सामने आया कि वाहनों में रेत परिवहन के लिए आवश्यक रॉयल्टी पर्ची नहीं थी। कई ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के संचालित हो रहे थे, जबकि चालकों के पास वाहन संबंधी जरूरी दस्तावेज और वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी उपलब्ध नहीं थे।
प्रशासन ने सभी वाहनों को जब्त कर संबंधित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार मानसून से पहले अवैध रूप से रेत का भंडारण किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके बाद यह विशेष अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।















