Tuesday, June 9, 2026
Home Breaking देर रात खूनी हमला: चार युवकों ने किया पीछा, युवक के पेट...

देर रात खूनी हमला: चार युवकों ने किया पीछा, युवक के पेट में घोंपा चाकू

9

The Duniyadari: महासमुंद जिले में देर रात हुई हिंसक वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। कोतवाली थाना क्षेत्र में चार युवकों ने दो युवकों का पीछा कर उन पर हमला कर दिया। इस दौरान एक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जिसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार योगेंद्र वैष्णव अपने साथी आकाश तिवारी के साथ बिरकोनी-बरसपुर स्थित क्रेशर प्लांट से मोटरसाइकिल पर लौट रहे थे। दोनों बरोंडा चौक होते हुए इमलीभांठा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गणेश मंदिर के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक उनके पीछे लग गए।

पीछा किए जाने के दौरान साहू चाय दुकान के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। मौके पर मौजूद अभित्य सिंह ने दोनों युवकों को उठाने में मदद की। तभी पीछा कर रहे चारों युवक भी वहां पहुंच गए और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज में बदल गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर अपने साथी को दिया, जिसके बाद टोमेन्द्र चंद्राकर पर जानलेवा हमला किया गया। हमले में चाकू सीधे उसके पेट में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि हमले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।