Wednesday, June 10, 2026
Home Breaking मवेशी तस्करी का आरोप लगाकर की वसूली, 9 युवकों पर पुलिस का...

मवेशी तस्करी का आरोप लगाकर की वसूली, 9 युवकों पर पुलिस का शिकंजा

12

The Duniyadari: केसीजी जिले में मवेशी खरीदकर घर लौट रहे किसान से अवैध वसूली और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों और 4 अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सभी ने मिलकर किसान को मवेशी तस्कर बताकर उससे जबरन हजारों रुपये वसूल लिए थे।

पुलिस के अनुसार पीड़ित सागर तुरकर ने साल्हेवारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने गंडई मवेशी बाजार से खेती-किसानी के लिए पांच बैल खरीदे थे। रात होने पर वह बैलों के साथ अपने रिश्तेदार के घर रुक गया और अगले दिन सुबह अपने पिता के साथ घर के लिए रवाना हुआ।

रास्ते में गोपालटोला और भाजीडोंगरी के बीच कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। बैलों के दस्तावेज दिखाने के बावजूद आरोपियों ने उन्हें मवेशी तस्कर बताते हुए एक लाख रुपये की मांग की। विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपियों ने जबरन ऑनलाइन माध्यम से 30 हजार रुपये ट्रांसफर कराए और रिश्तेदार से भी 6 हजार रुपये मंगवाकर कुल 36 हजार रुपये की उगाही कर ली।

मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और वसूली गई रकम में से 27,500 रुपये नगद बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पुलिस का कहना है कि कानून अपने हाथ में लेकर किसी भी व्यक्ति से जबरन वसूली या मारपीट करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।