The Duniyadari: KORBA- प्रेस क्लब कोरबा के हाल ही में निर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने सोमवार को पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के निवास कार्यालय पहुंचकर उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान नई टीम ने अपने आगामी कार्यों और प्रेस क्लब की गतिविधियों को लेकर चर्चा की।
मुलाकात के दौरान पूर्व मंत्री ने प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष नौशाद खान, सचिव दिनेश राज, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सह सचिव हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य नवाब खान, राजेश मिश्रा और आकाश शर्मा को नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
चर्चा के दौरान जयसिंह अग्रवाल ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की अहम भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जनहित के मुद्दों को प्रभावी मंच प्रदान करती है।
पूर्व मंत्री ने प्रेस क्लब कोरबा द्वारा पत्रकारों के हितों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी पत्रकारिता के उच्च मानकों को बनाए रखते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सफल होगी।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के कई वरिष्ठ पत्रकार, पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई इस मुलाकात को मीडिया और समाज के बीच बेहतर संवाद की दिशा में सकारात्मक पहल माना जा रहा है।















