The Duniyadari: कवर्धा– छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त विश्वेश्वर पटेल के साथ अभद्र व्यवहार और हमले की कोशिश का मामला सामने आया है। यह घटना कवर्धा शहर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में हुई, जहां सड़क दुर्घटना के बाद विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया।
जानकारी के मुताबिक विश्वेश्वर पटेल अपने निजी वाहन से जिला मुख्यालय से ग्राम रोहरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बाइक उनकी कार से टकरा गई। दुर्घटना के बाद बाइक सवार दो युवक वाहन के सामने आ गए और विवाद शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने मौके पर जमकर हंगामा किया।
बताया जा रहा है कि बहस के दौरान युवकों ने अपशब्द कहे और आक्रामक रवैया अपनाते हुए पत्थर उठाकर डराने-धमकाने का प्रयास किया। घटना से कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों और पुलिस ने स्थिति को संभाला।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।















