The Duniyadari: Raipur रायपुर नगर पालिक निगम में प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया गया है। निगम आयुक्त संबित मिश्रा द्वारा जारी आदेश के तहत विभिन्न अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपते हुए नई जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार उपायुक्त जागृति साहू को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन शाखा का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। वहीं उपायुक्त डॉ. अंजली शर्मा को भी मौजूदा जिम्मेदारियों के साथ प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के संचालन की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणिग्रही को पूर्व में सौंपे गए मुख्यालय स्वास्थ्य अधिकारी, प्रधानमंत्री स्वनिधि तथा जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से संबंधित प्रभारों से मुक्त कर दिया गया है। उन्हें फिलहाल जोन क्रमांक-7 के प्रभारी जोन आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी। आदेश को तत्काल लागू करते हुए संबंधित अधिकारियों को नए दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।















