Wednesday, June 17, 2026
Home Breaking नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 13 किलो से अधिक...

नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 13 किलो से अधिक गांजा जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार

9
Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नॉर्थ जोन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 13 किलो 451 ग्राम गांजा बरामद करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 6.72 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में दो अंतर्राज्यीय तस्कर भी शामिल हैं, जो उत्तर प्रदेश से गांजे की सप्लाई करने पहुंचे थे।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुढ़ियारी, पण्डरी और उरला थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सक्रिय किए गए मुखबिर तंत्र से मिली सूचनाओं के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई और उन्हें रंगे हाथों पकड़ा गया।

गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने कबीर चौक ओवरब्रिज के नीचे दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा, जिनके कब्जे से लगभग 10 किलो गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों की पहचान उत्तर प्रदेश के झांसी निवासी आकाश रायकवार और धीरज रायकवार के रूप में हुई। पुलिस को संदेह है कि दोनों राज्य में गांजे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा हैं।

इसी तरह पण्डरी थाना पुलिस ने दलदल सिवनी इलाके में दबिश देकर एक युवक को गांजा बेचते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी कमलेश पटेल के पास से दो किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया। वहीं उरला थाना पुलिस ने बीरगांव क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए संतराम निषाद को गिरफ्तार किया, जिसके पास से करीब सवा किलो गांजा मिला।

सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त गांजा कहां से लाया गया था और इसके वितरण नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।