Tuesday, June 23, 2026
Home Breaking मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 19 घायल; नाबालिग और महिलाएं भी हादसे...

मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 19 घायल; नाबालिग और महिलाएं भी हादसे का शिकार

8
Oplus_16908288

The Duniyadari: सूरजपुर- जिले में एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मजदूरों को लेकर जा रही एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार 19 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और कई नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नेवरा इलाके में हुई। मजदूरों से खचाखच भरी पिकअप में करीब 30 लोग सवार थे। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया।

दुर्घटना में कई मजदूरों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

गंभीर रूप से घायल एक मजदूर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर वाहन में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की बात सामने आ रही है। प्रशासन ने भी घटना को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के संकेत दिए हैं।