Wednesday, June 24, 2026
Home Breaking तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर कई बार पलटी, एयरबैग ने बचाई...

तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर कई बार पलटी, एयरबैग ने बचाई तीन नाबालिगों की जान…

12

The Duniyadari: KORBA- शहर के सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोहड़िया मुख्य मार्ग पर बुधवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार से दौड़ रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी और सड़क पर कई बार पलट गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार का अगला पहिया टूटकर अलग जा गिरा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 6 बजे कार तेज गति से कोहड़िया मार्ग पर चल रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कार में 17 से 18 वर्ष आयु वर्ग के तीन नाबालिग सवार थे। गनीमत रही कि वाहन में मौजूद सुरक्षा प्रणाली ने उनकी जान बचा ली। टक्कर के तुरंत बाद एयरबैग खुल गए और सभी ने सीट बेल्ट पहन रखी थी, जिसके चलते किसी को गंभीर चोट नहीं आई। तीनों को मामूली चोटें आई हैं।

सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और बढ़ती तेज रफ्तार की प्रवृत्ति पर चिंता जताई है।