The Duniyadari: Bilaspur सेंट्रल जेल में बंदी नीलू जगत की हत्या के मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। प्रारंभिक जांच के आधार पर घटना के समय ड्यूटी पर तैनात जेल प्रहरी धरम कोठारी को निलंबित कर दिया गया है। जेल प्रशासन की ओर से यह कदम सुरक्षा व्यवस्था में संभावित लापरवाही को देखते हुए उठाया गया है।
बुधवार सुबह सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट फोरेंसिक टीम के साथ सेंट्रल जेल पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान ई-1 बैरक से हत्या में इस्तेमाल किए गए कंक्रीट स्लैब, खून के निशान और अन्य अहम साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है।
मामले की न्यायिक जांच के तहत ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास अनूप तिग्गा भी जेल पहुंचे। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया और मृतक के परिजनों की मौजूदगी में फुटेज दिखाने की इच्छा जताई, लेकिन परिजनों ने समय अधिक लगने की वजह से उपस्थित होने से मना कर दिया। इसके बाद मजिस्ट्रेट ने जेल अधीक्षक सहित घटना के समय मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से विस्तृत पूछताछ की।
इधर, मृतक नीलू जगत के शव का पोस्टमार्टम सिम्स अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा किया गया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत होने की पुष्टि हुई है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे वे अंतिम संस्कार के लिए कोटा क्षेत्र स्थित अपने गांव दबनपुर ले गए।
फिलहाल पुलिस, फोरेंसिक टीम और न्यायिक जांच के माध्यम से घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















