The Duniyadari: दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम डूमर में आपसी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात पानी टंकी के पास सो रहे 25 वर्षीय चेतन ठाकुर पर अज्ञात हमलावर ने भारी वस्तु से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नंदिनी थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने तेजी से जांच करते हुए संदेही रैनू राम यादव (22) को हिरासत में लिया। पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे आपसी विवाद कारण था। फिलहाल पुलिस हत्या में प्रयुक्त वस्तु की बरामदगी और अन्य पहलुओं की जांच करते हुए आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।















