The Duniyadari: Raipur- चिलचिलाती धूप में घंटों तक सड़क पर ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को गर्मी से राहत देने के लिए राजधानी में एक नई तकनीक का परीक्षण शुरू किया गया है। ट्रैफिक जवानों के लिए एयर कूलिंग सिस्टम से लैस विशेष हेलमेट का शनिवार से ट्रायल शुरू हुआ। इसका उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान ड्यूटी कर रहे जवानों को हीट स्ट्रेस, डिहाइड्रेशन और अत्यधिक थकान जैसी समस्याओं से बचाना है।
पुलिस विभाग के अनुसार, यदि यह परीक्षण सफल रहता है तो आने वाले समय में अधिक संख्या में ट्रैफिक कर्मियों को ऐसे हेलमेट उपलब्ध कराए जा सकते हैं। अधिकारियों का मानना है कि बेहतर कार्य परिस्थितियां मिलने से जवानों की कार्यक्षमता के साथ-साथ उनका मनोबल भी बढ़ेगा।
एडीसीपी ट्रैफिक विवेक शुक्ला ने बताया कि एक निजी कंपनी ने परीक्षण के लिए कुछ एयर कूलिंग हेलमेट उपलब्ध कराए हैं। फिलहाल इन्हें चुनिंदा ट्रैफिक जवानों द्वारा उपयोग कर उनकी उपयोगिता और प्रभाव का आकलन किया जा रहा है।
इन हेलमेटों में ऊपर की ओर बैटरी से चलने वाला छोटा फैन और एयर डक्ट सिस्टम लगाया गया है। बैटरी पैक कमर या बेल्ट पर लगाया जाता है, जो बाहरी हवा को फिल्टर कर हेलमेट के भीतर सिर और चेहरे तक पहुंचाता है। कुछ मॉडलों में अतिरिक्त कूलिंग मॉड्यूल भी दिया गया है, जो हवा को और अधिक ठंडा बनाता है।
एक बार फुल चार्ज होने पर यह हेलमेट लगभग 6 से 8 घंटे तक लगातार काम कर सकता है। शुरुआती परीक्षण और तकनीकी दावों के मुताबिक इससे सिर के आसपास का तापमान 8 से 15 डिग्री सेल्सियस तक कम महसूस होता है, जिससे लू और गर्मी से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का जोखिम काफी हद तक घट सकता है।















