The Duniyadari: कवर्धा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। खेत जाते समय तेज बारिश से बचने के लिए किसान आम के पेड़ के नीचे खड़ा हुआ था, लेकिन इसी दौरान गिरी बिजली ने उसकी जान ले ली। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 46 वर्षीय रामजी पटेल, निवासी ग्राम पंचायत रौचन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने खेत की ओर जा रहे थे। रास्ते में बरकोही बांध के पास अचानक बारिश शुरू हो गई, जिससे बचने के लिए वे एक आम के पेड़ के नीचे रुक गए।
इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिरी और उसकी चपेट में आने से रामजी पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। किसान की अचानक मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।















