The Duniyadari: Raigarh जिले में अवैध कबाड़ और चोरी की संपत्ति के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20.25 लाख रुपये मूल्य का संदिग्ध लोहे का स्क्रैप और उसे ले जा रहा 12 चक्का ट्रक जब्त किया है। मामले में चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुनकुरी की ओर से एक ट्रक में भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लेकर पूंजीपथरा की तरफ आया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तमनार चौक पर घेराबंदी कर CG-14-D-0528 नंबर के टाटा ट्रक को रोककर जांच की।
पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान सुलतान खान (58 वर्ष), निवासी आजाद मोहल्ला, कुनकुरी के रूप में बताई। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें करीब 7.5 टन लोहे का स्क्रैप मिला। पुलिस द्वारा स्क्रैप से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
दस्तावेज नहीं मिलने और चोरी की संपत्ति होने की आशंका के चलते पुलिस ने करीब 5.25 लाख रुपये मूल्य का स्क्रैप और लगभग 15 लाख रुपये कीमत का 12 चक्का ट्रक जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 20.25 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, एएसआई उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह और आरक्षक राजेश सिदार की अहम भूमिका रही।















