The Duniyadari: जगदलपुर- बस्तर और सुकमा को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर गुरुवार को एक ट्रक के पलटने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। टहकापाल के पास निर्माणाधीन पुल के लिए बनाए गए अस्थायी डायवर्सन पर हादसा होने के बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से डायवर्सन की मिट्टी नरम और फिसलन भरी हो गई थी। इसी दौरान एक भारी ट्रक वहां से गुजर रहा था, तभी उसका पहिया धंस गया और चालक संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते ट्रक सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। मालवाहक ट्रकों, यात्री बसों और निजी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से पलटे ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। साथ ही यातायात को व्यवस्थित करने और छोटे वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकालने का प्रयास किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के कारण डायवर्सन पहले से ही कमजोर हो चुका था और वहां भारी वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी बनी हुई थी। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से मजबूत और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
प्रशासन का कहना है कि ट्रक हटाने के बाद यातायात पूरी तरह सामान्य कर दिया जाएगा। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए निगरानी रखी जा रही है।














