Friday, July 3, 2026
Home Breaking बीमा रिफंड का झांसा देकर 1.60 करोड़ की साइबर ठगी, दिल्ली से...

बीमा रिफंड का झांसा देकर 1.60 करोड़ की साइबर ठगी, दिल्ली से तीन आरोपी गिरफ्तार

9

The Duniyadari: दुर्ग- बीमा पॉलिसी की राशि वापस दिलाने का झांसा देकर करीब 1.60 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के तीन और सदस्यों को दुर्ग रेंज साइबर थाना पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों के बैंक खातों का इस्तेमाल एक विदेशी साइबर ठगी नेटवर्क कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित को फोन कर खुद को बीमा लोकपाल का अधिकारी बताया गया और पॉलिसी की रिफंड राशि दिलाने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाए गए। इस तरह आरोपियों ने कुल लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिया।

मामले की जांच के दौरान पहले एक बैंक खाताधारक को गिरफ्तार किया जा चुका था। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के लेनदेन और डिजिटल जांच के आधार पर विशेष टीम को दिल्ली भेजा गया। वहां मनमीत सिंह, अमनदीप सिंह और ईशांत माहे उर्फ ईशु की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में तीनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पैसों के लालच में बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए थे। जांच में यह भी सामने आया कि इन खातों का संचालन एक नाइजीरियाई साइबर ठगी नेटवर्क द्वारा किया जा रहा था, जो देशभर में लोगों को निशाना बना रहा था।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को 1 जुलाई 2026 को दिल्ली से गिरफ्तार कर तीस हजारी न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया और उन्हें दुर्ग लाया गया। फिलहाल मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की धारा 66-डी के तहत आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या रही है।