Saturday, July 4, 2026
Home Breaking खेलते-खेलते ट्रैक्टर की चपेट में आई 5 वर्षीय मासूम, इलाज के दौरान...

खेलते-खेलते ट्रैक्टर की चपेट में आई 5 वर्षीय मासूम, इलाज के दौरान तोड़ा दम

3

The Duniyadari: धमतरी- जिले के कुरूद थाना क्षेत्र से शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां घर के बाहर खेल रही पांच वर्षीय बच्ची की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, चारभाटा गांव निवासी पांच वर्षीय दीक्षा साहू अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रैक्टर के केजव्हील की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले बच्ची बुरी तरह घायल हो चुकी थी।
परिजन तत्काल मासूम को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और ट्रैक्टर चालक की भूमिका की जांच कर रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।