Tuesday, July 7, 2026
Home कोरबा चलती बस में गर्भवती महिला ने दिया बच्चे को जन्म, यात्रियों और...

चलती बस में गर्भवती महिला ने दिया बच्चे को जन्म, यात्रियों और महिलाओं की सूझबूझ से सुरक्षित हुई डिलीवरी

7

The Duniyadari: कोरबा/प्रतापपुर। कोरबा से पटना जा रही राजहंस ट्रेवल्स की बस में सोमवार देर रात एक गर्भवती महिला की अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। देखते ही देखते बस में ही महिला ने रात लगभग 11:30 बजे एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया।

जानकारी के अनुसार, राजहंस ट्रेवल्स की बस शाम करीब 4:30 बजे कोरबा से पटना के लिए रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान प्रतापपुर के पास महिला को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बस में मौजूद कुछ महिला यात्रियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए प्रसव कराने में मदद की। उनकी तत्परता से बस में ही सुरक्षित डिलीवरी कराई गई।

बच्चे के जन्म के तुरंत बाद बस चालक ने वाहन को निकटतम अस्पताल पहुंचाया, जहां जच्चा और नवजात को भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।

समाचार लिखे जाने तक बस अस्पताल के बाहर ही खड़ी थी। इस घटना के बाद बस में सवार यात्रियों ने महिला यात्रियों की मानवता और साहस की सराहना की। अचानक आई इस आपात स्थिति में सभी के सहयोग से मां और नवजात की सुरक्षित जान बचाई जा सकी।